
बिलासपुर, रतनपुर नगर पालिका परिषद के नवीन भवन के प्रस्तावित स्थान को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि नगर पालिका का नया भवन पूर्व निर्धारित पुराने स्थान पर ही बनाया जाए। विधायक अटल श्रीवास्तव ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया कि वर्तमान में प्रस्तावित स्थान नगर से दूर और मुख्य सड़क मार्ग से कटे हुए क्षेत्र में है, जिससे आम नागरिकों को दिक्कत होगी। उन्होंने आग्रह किया कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए पुराने स्थान पर ही भवन निर्माण कराया जाए। विधायक अटल श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि रतनपुर क्षेत्र में डायरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में महामाया धर्मशाला को अस्थाई अस्पताल के रूप में उपयोग करने की अनुमति दी जाए, ताकि त्वरित उपचार संभव हो सके और लोगों को राहत मिल सके। इसके साथ ही विधायक ने रतनपुर में पानी की गंभीर समस्या को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट की वजह से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और इसके लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता है। उन्होंने कलेक्टर से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की।अंत में, कोटा विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी बहुल गांवों की समस्याओं को उठाते हुए विधायक श्रीवास्तव ने आदिवासियों को वन अधिकार पट्टा दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह संवैधानिक अधिकार है और इसके तहत पात्र लोगों को शीघ्र पट्टा प्रदान किया जाना चाहिए।




