Site icon Grand Gumber News

रतनपुर में माघी पूर्णिमा मेला संपन्न, सांस्कृतिक संध्या में उमड़ा जनसैलाब अनुराग धारा की प्रस्तुति ने लोक रंगों से सराबोर किया माहौल

ऐतिहासिक माघी पूर्णिमा मेला का भव्य समापन रविवार को मंडी परिसर स्थित मंच पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। मेले के अंतिम दिन बड़ी संख्या में दर्शक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जिससे पूरा परिसर जनसैलाब से भर गया। छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुति “अनुराग धारा” ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक छत्तीसगढ़ी गीत, संगीत और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों की जीवंत अदायगी पर दर्शक झूमते नजर आए और पूरे वातावरण में लोक संस्कृति की छटा बिखर गई।

सांस्कृतिक संध्या ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को आकर्षित किया।गौरतलब है कि 1 फरवरी से शुरू हुआ यह मेला सैकड़ों वर्षों पुरानी परंपरा का प्रतीक है। नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने बताया कि इस वर्ष मेले के सातों दिन छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।समापन कार्यक्रम में सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तथा बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज को जोड़ने वाला बताया। कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे सहित प्रशासनिक अमला मुस्तैद रहा।

Exit mobile version