Site icon Grand Gumber News

रमजान के पाक महीने में रोजा इफ्तार और आम लंगर का आयोजन चुचुहियापारा वार्ड में रोजेदारों व शहरवासियों ने मिलकर की अमन-चैन की दुआ

पवित्र माह रमजान को इस्लाम में रहमत, मगफिरत और निजात का महीना माना जाता है। इस दौरान रोजेदार पूरे दिन रोजा रखकर अल्लाह की इबादत करते हैं और इफ्तार के समय दुआ मांगते हैं। जैसे-जैसे रमजान अपने अंतिम अशरे की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे शहर में इबादत, रोजा और इफ्तार की रौनक भी बढ़ती जा रही है।इसी क्रम में रमजान के 19वें रोजे के अवसर पर बिलासपुर के चुछुहियापारा वार्ड क्रमांक 46 में वार्ड पार्षद इब्राहिम खान उर्फ अब्दुल के नेतृत्व में रोजा इफ्तार और आम लंगर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोजेदारों, वार्डवासियों और शहर के लोगों ने शामिल होकर सामूहिक रूप से इफ्तार किया।मगरिब की नमाज अदा करने के बाद रोजेदारों ने इफ्तार किया और इसके बाद आम लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने मिलकर भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द का माहौल देखने को मिला और सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर रमजान की मुबारकबाद दी।

इस मौके पर पार्षद इब्राहिम खान उर्फ अब्दुल ने कहा कि रमजान इबादत और दुआ का महीना है। रोजा इफ्तार के समय लोग अल्लाह से दुआ करते हैं कि समाज में अमन-चैन बना रहे, सभी धर्मों के बीच प्रेम और भाईचारा बढ़े, जरूरतमंदों और लाचार लोगों की परेशानियां दूर हों तथा हर किसी को रोजगार और खुशहाली मिले। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से कॉलोनी में रोजा इफ्तार और लंगर का आयोजन कर आपसी मोहब्बत और एकता का संदेश दिया गया।

Exit mobile version