
मिडिल ईस्ट में बढ़ते संकट के बीच देशभर में रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी कर दी गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि के बाद बिलासपुर में इसकी कीमत 941 रुपये से बढ़कर 1001 रुपये हो गई है। नए रेट 7 मार्च से लागू कर दिए गए हैं और इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर भी अपडेट कर दिए गए हैं।वहीं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। बिलासपुर में अब कमर्शियल सिलेंडर 1981 रुपये से बढ़कर 2149 रुपये में मिल रहा है। गैस के दाम बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ आम उपभोक्ताओं पर पड़ना तय माना जा रहा है।

इस बीच शहर में गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। व्यापार विहार स्थित सिन गैस एजेंसी सहित कुछ अन्य एजेंसियों पर आरोप है कि सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी नहीं दी जा रही है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति यह है कि कई उपभोक्ता मजबूर होकर खुद अपने साधनों से गैस एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसियों द्वारा सिलेंडरों को गोदाम में स्टॉक कर रखा गया है और डिलीवरी में देरी की जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।वहीं इस संबंध में एजेंसी संचालकों से पूछे जाने पर उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि बाहर से पर्याप्त सिलेंडर नहीं आ पा रहे हैं। हालांकि मौके पर गोदाम में बड़ी संख्या में सिलेंडरों का स्टॉक और ट्रकों से सिलेंडर उतारते कर्मचारी देखे गए। ऐसे में उपभोक्ताओं का आरोप है कि दाम बढ़ने के बाद जानबूझकर डिलीवरी रोकी जा रही है, ताकि आगे और कीमत बढ़ने पर सिलेंडर जारी किए जा सकें।




