
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ वनमंडल अंतर्गत तराईमार बीट के मेढरमार गाँव में स्थित एक राइस मिल में बीती रात हाथियों ने भारी उत्पात मचाया। एक दंतैल हाथी मिल का मेन गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गया, जिससे मिल परिसर में अफरातफरी मच गई। हाथी ने अंदर जाकर कई बोरी धान खा ली और कई बोरियों को बिखेर दिया।घटना की सूचना मिलने पर हाथी मित्र दल की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को वहां से भगाने का प्रयास किया। टीम की कोशिशों के बावजूद, कुछ समय बाद तीन और हाथी मिल परिसर में घुस आए। इस दौरान राइस मिल में काम कर रहे कर्मचारी भयभीत हो गए और पूरी रात दहशत के साये में रहे।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले भी हाथियों के आतंक का शिकार रहा है, लेकिन इस बार राइस मिल को नुकसान पहुंचना चिंता का विषय है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और हाथियों को वापस जंगल की ओर खदेड़ा। ग्रामीणों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।




