
बच्चों को धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न धार्मिक और सनातन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर के राघवेंद्र राव सभा भवन में पिछले दो दिनों से हनुमान चालीसा प्रदर्शनी लगाई गई है, जो श्रद्धालुओं और खासतौर पर बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और सनातन मूल्यों से परिचित कराना है।गुरुवार को इस प्रदर्शनी के अंतर्गत बच्चों के लिए हनुमान जी की पेंटिंग स्पर्धा का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला के माध्यम से हनुमान जी के विभिन्न रूपों को कागज पर उकेरने का प्रयास किया। किसी ने वीर हनुमान का स्वरूप बनाया तो किसी ने बाल हनुमान और संजीवनी पर्वत उठाते हुए हनुमान जी की कलाकृति प्रस्तुत की। रंगों और कल्पना के जरिए बच्चों ने अपनी आस्था और रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया।कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन बच्चों में न केवल धार्मिक चेतना जागृत करते हैं, बल्कि उनकी सृजनात्मक क्षमता को भी बढ़ावा देते हैं। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रखकर भारतीय संस्कृति से जोड़ने में सहायक हैं।प्रदर्शनी और पेंटिंग स्पर्धा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजन के अंत में प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई। आयोजकों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।




