
राजधानी रायपुर में सूखे नशे का कारोबार लगातार चिंता का विषय बनता जा रहा है। पुलिस की सख्त कार्रवाई और अभियान के बावजूद नशे की सप्लाई थमने का नाम नहीं ले रही है। ताज़ा मामला अमलीडीह कॉलोनी से सामने आया है, जहां एक रिहायशी फ्लैट के भीतर युवाओं द्वारा खुलेआम ड्रग्स लेने का वीडियो वायरल हुआ है।वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक-युवतियां टेबल पर नोट रखकर ड्रग्स की लाइन बनाकर नशा कर रहे हैं। वीडियो में एक युवती भी मौजूद है, जिसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को ब्लर किया गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अमलीडीह कॉलोनी के एक निजी फ्लैट का है, जहां चोरी-छिपे सूखे नशे का सेवन किया जा रहा था।जानकारी के मुताबिक राजधानी में पर्सनल ग्राहकों को निशाना बनाकर ड्रग्स की सप्लाई की जा रही है। पुलिस अब तक इस नेटवर्क से जुड़े करीब 79 पैडलर्स को जेल भेज चुकी है, लेकिन इसके बावजूद नशे का अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है, जो पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वीडियो में दिख रहे युवाओं की पहचान की जा रही है और नशे की सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




