
रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप और गांजा की तस्करी करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक अंतर्राज्यीय तस्कर उड़ीसा का निवासी भी शामिल है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम लगातार मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रखे हुए थी। इसी क्रम में 3 जनवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में सवार कुछ लोग महासमुंद से रायपुर की ओर प्रतिबंधित सिरप और गांजा लेकर आ रहे हैं।सूचना की तस्दीक के बाद आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत लखौली स्थित पुराने टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी की गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 01 किलोग्राम गांजा और 75 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप कोडीन फॉस्फेट बरामद की गई। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 6 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपियों में डिलेश्वर मेहर निवासी उड़ीसा सहित रायपुर के तीन युवक शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध थाना आरंग में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




