Site icon Grand Gumber News

रायपुर फैक्ट्री हादसे में युवक की मौत, करणी सेना का आक्रोश, फैक्ट्री में जाकर किया जमकर विरोध प्रदर्शन

बिरगांव स्थित श्री श्याम इंड्रस्टीज फैक्ट्री में काम कर रहे मुंगेली निवासी रघुवीर सिंह की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। बताया जा रहा है कि कार्य के दौरान रघुवीर छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए एमकेडी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद करणी सेना ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने कहा कि कंपनी ने घायल अवस्था में भी कोई आर्थिक मदद नहीं दी और अब मौत के बाद परिवार को सहारा देने से पीछे हट रही है। इससे नाराज करणी सेना कार्यकर्ताओं ने फैक्ट्री बंद करवा दी।

करणी सेना ने चेतावनी दी है कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय और आर्थिक सहयोग नहीं मिलता, तब तक फैक्ट्री को दोबारा चालू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने इसे मजदूरों की सुरक्षा से जुड़ा बड़ा सवाल बताते हुए कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो करणी सेना आंदोलन तेज करेगी। इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों, सामाजिक और राजपूत संगठनों में भी आक्रोश है। करणी सेना ने सभी संगठनों से बिरगांव रोड, रायपुर में एकजुट होने की अपील की है। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के समर्थन में जुटने लगे हैं। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि रघुवीर सिंह ही परिवार का एकमात्र सहारा थे और अब उनकी मौत से पूरा परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। लोगों ने प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।

Exit mobile version