Site icon Grand Gumber News

राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा रिहर्सल पूरी, अस्पताल अलर्ट पर,छात्राएं साड़ी तो वही छात्र कुर्ता– पाजामा पहन शामिल होंगे दीक्षांत समारोह में

बिलासपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बिलासपुर आगमन के मद्देनजर सुरक्षा रिहर्सल पूरी कर ली गई। सुरक्षा व्यवस्था की प्रभारी आईजी डॉक्टर आनंद छाबड़ा, डीआईजी पारुल माथुर व एसपी संतोष सिंह ने आज बिलासपुर से रतनपुर रूट तक सुरक्षा व्यवस्था का रिहर्सल कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा के लिए 1100 से अधिक जवान लगाए गए हैं। दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए साड़ी व कुर्ता पजामा का ड्रेस कोड तय किया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल पंडित सुंदरलाल शर्मा यूनिवर्सिटी के हेलीपैड में उतरेंगे। वहां से राष्ट्रपति रतनपुर के महामाया मंदिर दर्शन करने जाएंगे। रतनपुर मंदिर में राष्ट्रपति करीबन 20 मिनट ठहरेंगी। उसके बाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। आज सारी सुरक्षा व्यवस्थाओं का रिहर्सल किया गया। सुरक्षा प्रभारी आईजी डॉक्टर आनंद छाबड़ा,डीआईजी पारुल माथुर, एसपी संतोष सिंह ने बिलासपुर से लेकर रतनपुर तक राष्ट्रपति के आने जाने के रूट का निरीक्षण किया। रिहर्सल के दौरान राष्ट्रपति के विजिट की तरह प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बिलासपुर रतनपुर मार्ग में ट्रैफिक रोक दिया गया था। रतनपुर से लेकर कोनी तक जगह जगह पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार होटलों व बाहर से आने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही हैं। सुरक्षा के लिए 3 डीआईजी, 8 सेनानी,12 उप सेनानी,25 सहायक सेनानी,60 टीआई,110 एसआई,110 प्रधान आरक्षको, 700 आरक्षको,150 महिला आरक्षक, सहित 1 हजार 178 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सभी सुरक्षाकर्मियों को अलग-अलग जगह में तैनात किया गया है। सुरक्षा रिहर्सल के दौरान कोनी में लगने वाले अस्थाई बाजार को अन्य जगह की शासकीय जमीन में शिफ्ट कर दिया गया है। सुबह 9:00 से लेकर 12 तक अधिकारियों के नेतृत्व में सुरक्षा रिहर्सल किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर ऑडिटोरियम में ग्रीन रूम बनाया गया है। ग्रीन रूम में पहुंचने के बाद राष्ट्रपति कार्यक्रम में शामिल होंगी। कोनी से लेकर यूनिवर्सिटी के सभागार तक सात स्वागत द्वार बनाए गए हैं। हेल्थ विभाग की भी दस टीमें तैयार की गई है। जिसमें अपोलो के डॉक्टरों को भी शामिल किया गया है।

अपोलो हॉस्पिटल, जिला अस्पताल और सिम्स तीनों जगह वेंटिलेटर रिजर्व रखा गया है। सिम्स में पूरा एक वार्ड तैयार किया गया है। राष्ट्रपति का ब्लड ग्रुप ओ पॉजिटिव है। जिसके मद्देनजर तीनों जगह ओ पॉजिटिव ब्लड रिजर्व रखा गया है। रतनपुर और सेंट्रल यूनिवर्सिटी में भी हेल्थ विभाग की टीमें तैनात है। राष्ट्रपति से मिलने वाले व सुरक्षा व्यवस्था में लगे सभी कर्मियों का कोरोना टेस्ट अनिवार्य किया गया है। सारे आला अधिकारियों के घरों तक मेडिकल टीम पहुंचकर कोरोना टेस्ट कर रही है। इसके अलावा अन्य पुलिसकर्मियों,स्टाफ यूनिवर्सिटी के छात्रों व प्रोफेसरों की भी कोरोना जांच की गई है।

राष्ट्रपति के बिलासपुर आगमन के चलते आज सेना के हेलीकॉप्टर ने भी बिलासपुर का दौरा किया है। राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के साथ ही दो अन्य हेलीकॉप्टर भी समारोह में शामिल होने आएंगे। हेलीकॉप्टर में राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू, उनकी बेटी इतिश्री, राज्यपाल विश्वभूषण हरि चंदन,मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह समेत 36 अतिथि दीक्षांत समारोह में शामिल होने आएंगे।

गोल्ड मेडल उपाधि पाने वाले छात्र-छात्राओं को भी यूनिवर्सिटी में रिहर्सल करवाया गया। समारोह में 28 शोधार्थियों को उपाधि और 78 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया जाना हैं। छात्राएं समारोह के दौरान साड़ी व छात्र कुर्ता पाजामा पहनेंगे।

Exit mobile version