
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बिलासपुर के कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोकतंत्र की मजबूती, मतदाता जागरूकता और शत-प्रतिशत मतदान को लेकर मजबूत संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील जैन, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा प्रभावशाली नाटक और नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है और इसका सही, निष्पक्ष और निर्भीक तरीके से उपयोग किया जाना चाहिए।

संभाग आयुक्त सुनील जैन ने अपने संबोधन में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में हर वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि हर नागरिक बिना किसी दबाव और प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने युवाओं से आगे आकर लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील कीवहीं आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि यह कार्यक्रम मतदाताओं को जागरूक करने के साथ-साथ नए मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया समझाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि आज बच्चों द्वारा प्रस्तुत जागरूकता कार्यक्रम समाज में दूर तक सकारात्मक संदेश पहुंचाएंगे और लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि मतदान से पहले मतदाता को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और किस प्रकार अपने मत का सही उपयोग किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में मतदाता सूची परीक्षण और जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन ने मतदाता जागरूकता को लेकर अपने संकल्प को दोहराया और कहा कि आने वाले चुनावों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की झलक साफ देखने को मिली।राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल साबित हुआ, जिसमें समाज के हर वर्ग ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।




