
रतनपुर थाना क्षेत्र में आम लोगों को हथियार दिखाकर डराने-धमकाने वाले दो बदमाशों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मेन रोड रानीगांव के पास उत्पात मचा रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति धारदार चाकू और कट्टा नुमा हथियार लेकर राहगीरों को डरा रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों नबीदाद खान और दीशु कोरी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक धारदार चाकू, कट्टा नुमा हथियार और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की गई।दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




