
सीपत क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना खारून नदी के झाप बाड़ी घाट की है, जहां अवैध रेत उत्खनन के बीच यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान ग्राम डगनिया निवासी 30 वर्षीय महेंद्र कुमार कश्यप के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, महेंद्र कुमार कश्यप ट्रैक्टर से रेत भरकर लौट रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और वह गिरकर पहिये की चपेट में आ गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।घटना के बाद मौके पर खून से लथपथ शव मिला, वहीं बिना नंबर का रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली भी खड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि खारून नदी में बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन जारी है, जिससे घाट असुरक्षित हो गए हैं और इस तरह के हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने अवैध रेत कारोबार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




