
रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवन एप के जरिए खरीदे जाने वाले अनारक्षित टिकटों पर तीन प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है। यह नई व्यवस्था 14 जनवरी से लागू होगी, जिससे यात्रियों को सीधे किराए में लाभ मिलेगा।रेलवे का कहना है कि इस पहल से टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी और अधिक यात्री डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग की ओर आकर्षित होंगे। रेलवन एप से अनारक्षित टिकट खरीदने पर यूपीआई, मोबाइल वॉलेट, नेट बैंकिंग, डेबिट और क्रेडिट कार्ड जैसे सभी स्वीकृत डिजिटल माध्यमों पर यह छूट मिलेगी। हालांकि आर-वॉलेट पर यह छूट लागू नहीं होगी, लेकिन आर-वॉलेट से टिकट लेने पर पहले से मिलने वाला तीन प्रतिशत बोनस कैशबैक जारी रहेगा।रेलवन एप यात्रियों के लिए एक आधुनिक और समग्र डिजिटल प्लेटफॉर्म है। अनारक्षित टिकटों पर दी जा रही यह छूट यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देगी, साथ ही डिजिटल भुगतान को भी प्रोत्साहित करेगी।रेलवे द्वारा रेलवन एप का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सोशल मीडिया और रेलवे स्टेशनों की उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार जानकारी दी जा रही है। रेलवे का मानना है कि आर्थिक लाभ मिलने से यात्री इस ऑल-इन-वन एप का अधिक उपयोग करेंगे और डिजिटल इंडिया अभियान को भी मजबूती मिलेगी।




