Site icon Grand Gumber News

रेलवे कॉलोनियों की टूटी सड़कों पर चला मरम्मत का पहिया बरसात से पहले राहत पहुंचाने जुटा रेल प्रशासन

बिलासपुर की रेलवे कॉलोनियों की सड़कें लंबे समय से खस्ताहाल थीं। जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्तों से लोगों को रोज़ाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब रेल प्रशासन ने कमान संभाल ली है और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।रेलवे ने पहल करते हुए कॉलोनियों में सड़कों के सुधार कार्य की शुरुआत कर दी है। जिन सड़कों की हालत सबसे खराब थी, वहां से काम की प्राथमिकता तय की गई है। मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि बारिश से पहले लोगों को राहत मिल सके।मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि मॉनसून में सड़क निर्माण या मरम्मत मुश्किल हो जाती है। इसी वजह से अभी के समय को वर्किंग सीजन मानते हुए रेलवे ने मरम्मत का अभियान शुरू किया है।सीनियर डीसीएम ने बताया कि हमारी कोशिश है कि बारिश से पहले रेलवे कॉलोनियों की सभी ज़रूरी सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली जाए ताकि लोगों को असुविधा ना हो।रेलवे कॉलोनी में रहने वाले सैकड़ों परिवारों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि ये काम बहुत पहले शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब जब शुरुआत हो चुकी है तो उम्मीद है कि काम समय पर पूरा होगा।

गौरतलब है कि सड़कों की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायतें की थीं। कई जगह पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था, खासकर बुज़ुर्गों और बच्चों के लिए।रेल प्रशासन की इस पहल से साफ है कि अब आधारभूत सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत भविष्य में बड़ी परेशानी से बचाने वाला कदम माना जा रहा है।फिलहाल अब रेल कॉलोनियों के लोग बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं कि ये सड़कें जल्द से जल्द ठीक हो जाएं और बारिश के मौसम में उन्हें कीचड़ और गड्ढों से नहीं जूझना पड़े।

Exit mobile version