Site icon Grand Gumber News

रेलवे कोचिंग डिपो हादसे के पीड़ितों का धरना जारी, बढ़ा जनसमर्थन,मुआवजा और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन, चर्चा बेनतीजा…

बिलासपुर :- रेलवे कोचिंग डिपो हादसे के पीड़ित परिवार का धरना लगातार जारी है। परिवार की मुख्य मांग है कि रेलवे उन्हें उचित मुआवजा और नौकरी प्रदान करे। लेकिन अब तक समझौता नहीं हो सका है, जिसके चलते आंदोलन और लंबा खिंचता जा रहा है।धरना स्थल पर न सिर्फ परिजन बल्कि आसपास जिलों से लोग भी समर्थन देने पहुंचे हैं। रायपुर, रायगढ़ और दुर्ग से आए सैकड़ों लोग आंदोलन में शामिल होकर पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। आंदोलन को मिल रहे जनसमर्थन ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है।पीड़ित परिवार पिछले 78 घंटों से धरना स्थल पर डटे हुए हैं। परिजन और समर्थक वहीं खाना बना कर खा रहे हैं। सोमवार सुबह लगभग 1 घंटे तक हुई बारिश के दौरान भी आंदोलनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ और धरना स्थल पर भीड़ लगातार जुटती रही।धरना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आरपीएफ और पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। बावजूद इसके लोग बड़ी संख्या में जुट रहे हैं और पीड़ित परिवार को समर्थन दे रहे हैं।परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन खत्म नहीं होगा।रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ कई दौर की चर्चा अब तक नाकाम रही है। परिजनों ने साफ कहा है कि न्याय, मुआवजा और नौकरी मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। हादसे के बाद शुरू हुआ यह धरना अब बड़े जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है।

Exit mobile version