
थाना हथबंद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मजगांव के पास रेलवे लाइन पर मिले बिना सिर के युवक के शव के अंधेकत्ल मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने गहन जांच के बाद इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके मामा ससुर और दो सुपारी किलर सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार 11 जनवरी को हथबंद–भाटापारा रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात युवक का सिर कटा हुआ शव मिला था। प्रारंभिक जांच में हत्या कर शव को रेलवे लाइन पर फेंकने की आशंका सामने आई। मर्ग कायम कर पीएम रिपोर्ट, घटनास्थल के साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।कड़ी जांच और लगातार प्रयासों के बाद मृतक की पहचान गैस कुमार जोशी निवासी ग्राम भोथीडीह, जिला बेमेतरा के रूप में हुई। पहचान होते ही पुलिस ने साजिश की परतें खोलते हुए पाया कि मृतक की पत्नी कुसुम जोशी ने अपने मामा राजेश भारती और दो सुपारी किलरों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि पार्टी के बहाने बुलाकर शराब पिलाई गई, मारपीट के बाद तलवार से गला काटकर हत्या की गई, फिर पहचान छुपाने के लिए सिर अलग कर जमीन में दबा दिया गया।पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त कार, धारदार तलवार, मोबाइल फोन सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। इस जघन्य अंधेकत्ल मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है।




