
धार्मिक आस्था से ओतप्रोत भारत देश में समय-समय पर विभिन्न धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को धर्म, संस्कृति और आध्यात्म से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। इसी कड़ी में रेलवे वायरलेस कॉलोनी, व्यापार विहार रोड में विगत 19 जनवरी से 28 जनवरी तक श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ संगीतमय का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को देवी भागवत के दिव्य ज्ञान से परिचित कराना और उन्हें धार्मिक जीवन मूल्यों से जोड़ना है।कथा वाचन का दायित्व सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित बजरंग चौबे द्वारा निभाया जा रहा है।

उनकी ओजस्वी और संगीतमय वाणी से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंच रहे हैं और देवी भागवत के प्रसंगों का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कथा के माध्यम से देवी शक्ति, भक्ति, सदाचार और मानव जीवन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला जा रहा है।आयोजन स्थल पर भक्ति गीतों और संकीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। आयोजकों के अनुसार इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोग अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हैं। कथा के समापन तक श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद जताई जा रही।




