
बिलासपुर – लगातार बारिश से शहर में हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। चांटापारा इलाके में आज सुबह एक पुराना मकान अचानक गिर पड़ा। हादसे में सड़क किनारे खड़ी कार मलबे की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।राम मंदिर मार्ग के पास सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच मकान ढहने की घटना हुई। तेज बारिश से कमजोर हो चुके मकान का मलबा अचानक सड़क पर फैल गया। इस दौरान वहां खड़ी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सौभाग्य से कार में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने की कार्रवाई शुरू की। निगम का एक ट्रक मलबा उठाकर ले जाया गया।हादसे के चलते सड़क पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी रही। फिलहाल निगम प्रशासन ने आसपास के जर्जर मकानों की भी जांच शुरू कर दी है।




