Site icon Grand Gumber News

लिंक रोड पर चाकूबाजी: व्यापारी पर हमला, लुटेरों ने बैग लूटने का किया प्रयास

नवरात्रि के त्यौहार को लेकर पुलिस चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के दावे कर रही है। इधर इसी बीच लिंक रोड श्रीकांत वर्मा मार्ग, कुंदन पैलेस के सामने एक बार फिर चाकू बाजी की घटना हुई है। चकरभाठा निवासी योगेश पंचवानी को बुलेट सवार युवाओ ने चाकू मार दिया। योगेश पंजवानी का योगेश ट्रेडिंग कंपनी नाम से व्यापार विहार में कारोबार है। शनिवार शाम को वे अपने बच्चों के साथ जा रहे थे। बताते हैं कि इसी दौरान श्रीकांत वर्मा मार्ग पर बुलेट सवार युवकों से उनकी टक्कर हो गई, जिसके बाद दो मोटरसाइकिल में सवार तीन लोगों ने उनके पास मौजूद रूपयो से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। जब वे सफल नहीं हुये तो उन्होंने योगेश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में योगेश के पेट और पीठ पर सांघातिक चोटें आई है। इधर भीड़ बढ़ता देख लुटेरे मगर पारा की ओर भाग गए, लेकिन भागने से पहले वे अपनी एक मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ गए। इधर मौके पर मौजूद लोगों ने घायल योगेश को सिम्स पहुंचाया।

बाद में पहुंची पुलिस मौके पर मिले मोटरसाइकिल की मदद से आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। हालांकि इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। बिलासपुर पुलिस डांडिया कार्यक्रम में सुरक्षा देती रह गई और शाम के वक्त भीड़भाड़ वाले इलाके में चाकूबाजी की घटना हो गई। इन घटनाओं का सबसे दुखद पहलू यह है कि लोग बीच बचाव के लिए भी नहीं आते , जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद है।

Exit mobile version