Site icon Grand Gumber News

लिंगियाडीह में बेदखली के विरोध में महिलाओं का अनिश्चितकालीन आंदोलन, शासकीय पट्टा होने के बावजूद नोटिस, रहवासियों में आक्रोश

बिलासपुर नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 52 रविंद्र नाथ टैगोर नगर अंतर्गत लिंगियाडीह क्षेत्र की शासकीय भूमि पर निवासरत लोगों को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया है। निगम के इस कदम के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। प्रभावित रहवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से इस भूमि पर निवास कर रहे हैं और कई लोगों के पास शासकीय पट्टा भी मौजूद है, इसके बावजूद उन्हें बेदखली नोटिस थमा दिया गया है।नोटिस के विरोध में अब पूरे क्षेत्र के लोग, विशेष रूप से महिलाएँ, अनिश्चितकालीन आंदोलन पर बैठ गई हैं। महिलाओं का कहना है कि वे अपने मौजूदा निवास स्थान से हटने को तैयार नहीं हैं, क्योंकि इससे उनके परिवार बेघर हो जाएंगे।

उनका आरोप है कि शासन और नगर निगम पहले सड़क निर्माण और अब परिसर विकास का हवाला देकर उन्हें जबरन हटाने की कोशिश कर रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि वर्षों से बसे परिवारों को अचानक से उजाड़ना अमानवीय है और इससे उनका पूरा जीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा।रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव के समय “हमने बनाया है, हम ही सँवारेंगे” का नारा दिया था, लेकिन अब जनता की ओर से नया नारा गूंज रहा है—“आपने बनाया है और हम उसे उजड़ेंगे”—जो उनके आक्रोश को साफ दर्शाता है। लोगों की मांग है कि उन्हें उनके वर्तमान स्थान पर ही रहने दिया जाए और बेदखली की कार्रवाई को तुरंत रोका जाए। आंदोलन जारी है और हालात पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वही संबंध में विधायक का कहना है कि अभी उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है लेकिन मीडिया के द्वारा उनका ध्यान इस दिशा में अवगत कराया गया है और वह निश्चित तौर पर उसे स्थान पर जाकर समस्या से अवगत होंगे और उसका समाधान भी करेंगे।

Exit mobile version