Site icon Grand Gumber News

लोकसभा चुनाव के दौरान निगरानी के लिए गठित उड़नदस्ता दल ने गुरुवार की रात जगमल चौक स्थित होटल इंटरसिटी में दबिश दी।

बिलासपुर में लोकसभा चुनाव के दौरान निगरानी के लिए गठित उड़नदस्ता दल ने गुरुवार की रात जगमल चौक स्थित होटल इंटरसिटी में दबिश दी। अफसरों को आशंका थी कि कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव इसी होटल में ठहरे हैं और उनके कमरे में पैसे रखे हैं। हालांकि जांच के बाद टीम में शामिल अफसर खाली हाथ लौट गए। दरअसल उड़नदस्ता टीम को जानकारी मिली थी कि भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के समर्थक इंटरसिटी होटल के कमरों में ठहरे हैं। उन्होंने देवेंद्र यादव के पक्ष में माहौल बनाने के लिए पैसे लेकर रखा है। टीम को ये भी खबर मिली थी कि देवेंद्र यादव भी इसी होटल में ठहरे हैं जहां पैसे रखे हैं। उड़नदस्ता में शामिल अफसर गुरुवार की देर रात इंटरसिटी होटल पहुंचे, तब उनके साथ बड़ी संख्या में सशस्त्र जवान भी थे। बंदूकधारी जवानों ने होटल के गेट को बंद कर दिया और लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी, जिसके बाद अफसर होटल के कमरों की तलाशी लेने पहुंच गए।

हालांकि, जांच के दौरान टीम को कुछ नहीं मिला और वे खाली हाथ लौट गए। इधर इंटरसिटी होटल में उड़नदस्ता दल और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल के जवानों के पहुंचने की जानकारी मिलते ही देवेंद्र यादव भी वहां पहुंच गए। उन्हें भी सुरक्षाबलों ने बाहर रोक दिया था। इस दौरान देवेंद्र यादव ने अफसरों से मिलने की कोशिश की।लेकिन उनकी कोई बात नहीं हो पाई। हालांकि देवेंद्र यादव का कहना है कि वे सभी तरह की जांच के लिए तैयार हैं।इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी निर्वाचन औऱ सीआरपीएफ की टीम से हुज्जतबाजी करते नजर आए।

Exit mobile version