
रायगढ़ जिले में ऑन-ड्यूटी वनकर्मियों से मारपीट और शांति भंग करने के मामलों में घरघोड़ा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई, जिन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडागर्दी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।पहले मामले में ग्राम केराखोल क्षेत्र में लैंड बैंक सर्वे के दौरान वनपाल से झगड़ा, गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी दी, जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।दूसरे मामले में ग्राम खोखरोआमा में प्रतिबंधित वृक्षों की अवैध कटाई को लेकर विवाद करने वाले तीन व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।




