Site icon Grand Gumber News

वनांचल में फिर गूंजे हाथी के कदम, गांवों में दहशत का माहौल ,दल्लीराजहरा वन क्षेत्र में दतैल हाथी की दस्तक, 19 गांव अलर्ट पर…

बालोद जिले के वनांचल क्षेत्रों में एक बार फिर दतैल हाथी की आमद ने स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार यह हाथी दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कक्ष क्रमांक आरएफ-143 क्षेत्र में विचरण करते हुए पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों पर वन विभाग की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है।हाथी के जंगल में प्रवेश करने के बाद से आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए वन विभाग ने ग्राम मलकुंवर, आड़ेझर, हिड़कापार समेत कुल 19 गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग द्वारा ग्रामीणों को रात्रि समय में घरों से बाहर न निकलने, सामूहिक रूप से सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में वन विभाग को तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।वन विभाग की टीम हाथी के मूवमेंट को ट्रैक कर रही है और यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह हाथी अपने झुंड से बिछड़कर क्षेत्र में आया है। विभाग की प्राथमिकता है कि हाथी को सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक आवास की ओर वापस भेजा जाए ताकि मानवीय क्षति से बचा जा सके।ग्रामीणों से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है। वन विभाग द्वारा लगातार मुनादी व जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

Exit mobile version