Site icon Grand Gumber News

वन खेल स्पर्धा में वन अधिकारियों का दमखम ,बहतराई इंडोर स्टेडियम से खेल महाकुंभ की शुरुआत…

बिलासपुर:- बिलासपुर में सोमवार से ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट की वृत्त स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज़ हुआ। स्व. बी.आर. यादव बहतराई इंडोर स्टेडियम में हुए शुभारंभ समारोह में बिलासपुर वृत्त के वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उत्साह के साथ शामिल हुए। प्रतियोगिता के पहले ही दिन खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स और टीम खेलों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।पहले सत्र में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित हुईं, जिनमें दौड़, रिले, तेज चाल, मैराथन, ऊंची कूद, लंबी कूद, कबड्डी, तीरंदाजी, गोला-फेंक, तवा-फेंक और भाला-फेंक शामिल रहीं। सुबह 8 बजे से शुरू हुई इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के जोश और जज्बे ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दोपहर के सत्र में रेलवे कॉलोनी मैदान में क्रिकेट मुकाबले ने खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया, जहां खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरीं।मंगलवार यानी 19 अगस्त को प्रतियोगिताओं में और भी रंग भरने वाले हैं। पुलिस ग्राउंड बिलासपुर में सुबह से वॉलीबॉल और रस्साकशी की जोरदार भिड़ंत होगी, जबकि संजय तरण पुष्कर बिलासपुर में तैराकी का आयोजन किया जाएगा।देवकीनंदन स्कूल मैदान में बास्केटबॉल और फुटबॉल का रोमांच देखने को मिलेगा। इसके अलावा वनमंडल कार्यालय परिसर बिलासपुर शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, पावर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग, हॉकी, रायफल शूटिंग, लॉन टेनिस, साइक्लिंग और खो-खो प्रतियोगिताओं का केंद्र बनेगा।प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर डीएफओ विपुल अग्रवाल समेत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन समिति का कहना है कि इन खेलों का उद्देश्य खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आपसी समन्वय को मजबूत करना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है।अगले दो दिनों तक रोमांचक मुकाबले जारी रहेंगे, जहां वन अधिकारी और कर्मचारी अपनी टीम भावना और खेल कौशल से सबका मन मोहेंगे।

Exit mobile version