
बिलासपुर गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुमार वर्मा को उनकी 50 वर्षों की उत्कृष्ट वकालत यात्रा पूर्ण करने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ एवं अधिवक्ता परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत की उच्च न्यायालय इकाई के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।

समारोह में अधिवक्ता समुदाय के अनेक वरिष्ठ व युवा वकीलों ने भाग लिया और अशोक वर्मा के अनुभव, निष्ठा एवं न्याय क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें प्रेरणा का स्रोत बताया। मंच से वक्ताओं ने कहा कि वर्मा जी का समर्पण भाव नई पीढ़ी के अधिवक्ताओं के लिए अनुकरणीय है सम्मान स्वरूप उन्हें शॉल व श्रीफल भेंट कर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कई गणमान्य अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी एवं अधिवक्ता परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे जिन्होंने वर्मा जी को उनके लंबे सेवाकाल के लिए बधाई दी। गुरु पूर्णिमा जैसे महत्वपूर्ण दिन पर यह सम्मान समारोह और भी विशेष बन गया, क्योंकि यह दिन गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक होता है। अधिवक्ता समाज ने वर्मा जी को विधि क्षेत्र में “मार्गदर्शक गुरु” के रूप में सम्मानित कर इस परंपरा को सार्थक किया।




