
नगर निगम इन दिनों नए सीमा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य कर रहा है, ताकि यहां रह रहे लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। काफी समय से इन इलाकों में सड़क, पानी और बिजली जैसी सुविधाओं का विकास थम-सा गया था, जिससे क्षेत्रवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद दावा किया जा रहा है कि अब विकास कार्यों को गति दी जा रही है और मूलभूत सुविधाओं में तेजी से सुधार किया जा रहा है।

इसी क्रम में सोमवार को वार्ड क्रमांक 50 में सीसी रोड निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगभग 200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण यहां प्रस्तावित है, जिससे आने-जाने में लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा।कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों ने निगम और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।




