Site icon Grand Gumber News

विकास की दीवार जब किसानों का रास्ता रोक देजेल निर्माण से किसानो की बढी चिन्ता

बिलासपुर जिले के बेलतरा तहसील अंतर्गत ग्राम बैमा और खपराखोल में निर्माणाधीन नए जेल को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। जिस परियोजना को सुरक्षा और विकास से जोड़कर देखा जा रहा था वही अब स्थानीय किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। जेल निर्माण के चलते गांव की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार जेल परिसर के लिए बनाई जा रही बाउंड्री वॉल की वजह से वह रास्ता बंद होने की कगार पर है जिसका इस्तेमाल दशकों से गांव और खेतों तक पहुंचने के लिए किया जाता रहा है। यह मार्ग न सिर्फ आवागमन का साधन है बल्कि खेती-किसानी से जुड़ी दैनिक जरूरतों का अहम हिस्सा भी रहा है। रास्ता बंद होने से पूरे गांव का संपर्क प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि यह मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हुआ तो खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। इससे फसल की देखरेख सिंचाई और उपज का परिवहन प्रभावित होगा जिसका सीधा असर उनकी आय पर पड़ेगा। ग्रामीणों के अनुसार यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो गांव में रहना और खेती करना दोनों ही चुनौतीपूर्ण हो जाएंगे। मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था और स्थायी समाधान की अपील करते हुए कहा है कि विकास कार्यों के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका का भी संरक्षण जरूरी है।

Exit mobile version