
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरंग विधायक और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब वे नवागढ़ में एक सामाजिक कार्यक्रम से लौटकर रायपुर जा रहे थे। रास्ते में चारभांठा ढोलिया और भोईनाभांठा के बीच बायपास पर उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ पत्थर फेंके गए।गनीमत रही कि वाहन की गति तेज थी, वरना पत्थरों की बौछार से बड़ा हादसा हो सकता था। पत्थर इतनी जोर से मारे गए कि वाहन का शीशा चटक गया और चालक को गाड़ी को संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।
इस हमले ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सतर्कता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।घटना के तुरंत बाद विधायक के निजी स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हमलावरों की तलाश में जुट गई। पूरे इलाके की नाकेबंदी कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी हमलावर की पहचान नहीं हो पाई है।फिलहाल विधायक खुशवंत साहेब पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन हमले की मंशा क्या थी यह जांच का विषय बना हुआ है। बेमेतरा जैसे शांत जिले में एक जनप्रतिनिधि पर इस तरह का हमला राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद गंभीर माना जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
