
पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को विभागीय जांच की प्रक्रिया की गहराई से जानकारी देने हेतु शुक्रवार को बिलासपुर रेंज कार्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। “विभागीय जांच की प्रक्रिया एवं कार्यवाही” विषय पर केंद्रित इस सत्र में बिलासपुर रेंज अंतर्गत जिलों से 24 राजपत्रित अधिकारी व 7 अनुसचिवीय अधिकारी शामिल हुए। रेंज के पुलिस अधीक्षकगण वर्चुअली प्रशिक्षण में जुड़े।

कार्यशाला का उद्घाटन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा किया गया। विषय विशेषज्ञ के रूप में सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. आनंद तिवारी ने विभागीय जांच से जुड़ी प्रक्रियाएं, सामान्य त्रुटियां, नियम और न्यायिक दृष्टांतों की सरल व्याख्या की। साथ ही छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1965 व पुलिस मैन्युअल के तहत जांच कार्य कैसे समयावधि में पूर्ण की जाए, इस पर विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण में वरिष्ठ शीघ्रलेखक बृज बिहारी साहू द्वारा नस्ती संधारण और व्यवहारिक चुनौतियों पर विशेष सत्र लिया गया। प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए यह कार्यशाला अत्यंत उपयोगी एवं निर्देशात्मक रही। अधिकारियों ने माना कि यह प्रशिक्षण भविष्य में विभागीय जांच को नियमबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।




