Site icon Grand Gumber News

विश्व जल दिवस पर अरपा नदी स्वच्छता महाअभियान…

विश्व जल दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा अरपा नदी की सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के लिए “अरपा उत्थान” महाअभियान चलाया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में आम नागरिकों, शासकीय कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने हिस्सा लिया और श्रमदान कर अरपा नदी को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के तहत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिलासपुर दौरे के मद्देनजर नगर निगम द्वारा पिछले 15 दिनों से स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उसी कड़ी में शनिवार को बिलासपुर की जीवनदायिनी अरपा नदी की सफाई के लिए महाअभियान आयोजित किया गया। नवनिर्मित रामसेतु मार्ग और नया रिवर व्यू क्षेत्र में आयोजित इस महाअभियान में जनसहयोग से अरपा नदी में फैली गंदगी और कचरे को हटाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल नदी की सफाई करना था, बल्कि लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना भी था।अभियान के दौरान लोगों को वाटर हार्वेस्टिंग के महत्व के बारे में भी बताया गया। जल संकट की गंभीरता को देखते हुए पानी बचाने और जल स्रोतों को संरक्षित करने की जरूरत पर जोर दिया गया। स्वच्छता संबंधी जागरूकता भी लोगों के बीच फैलाई गई ताकि नदी को पुनः गंदा होने से रोका जा सके। इस अभियान के माध्यम से नगर निगम और शहरवासियों ने यह संदेश दिया कि जल स्रोतों को स्वच्छ और संरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। अरपा नदी को बचाने और स्वच्छ बनाए रखने के लिए नियमित सफाई और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की अपील की गई। अरपा उत्थान महा अभियान में बिलासपुर कलेक्टर अवनीश शरण पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और महापौर पूजा विधानी निगम कमिश्नर अमित कुमार के साथ समस्त कर्मचारी शामिल हुए। अब देखना यह होगा कि यह अभियान एक दिन की पहल बनकर रह जाता है या फिर नगर निगम और स्थानीय लोग इसे लगातार जारी रखते है।

Exit mobile version