
बिलासपुर में विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने जिला कार्यालय परिसर से दो जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो नेहरू चौक, सिम्स, गांधी चौक, राजकिशोर नगर, बंधवापारा जैसे प्रमुख स्थलों से होते हुए आमजन को रोग के प्रति जागरूक करते रहे।शहर के सफाई कर्मियों के लिए विशेष टेस्टिंग शिविर कोनी और मोपका गोठान में लगाया गया। जिले में कुल 293 लोगों की हेपेटाइटिस बी जांच की गई, जिसमें 16 पॉजिटिव केस सामने आए, जबकि 263 लोगों की गई हेपेटाइटिस सी जांच की रिपोर्ट पूरी तरह निगेटिव रही। इसी क्रम में शहर के प्रमुख स्थलों पर होर्डिंग्स, फ्लैक्स, ऑडियो मैसेज और रंगोली के माध्यम से भी आम लोगों को लक्षण, बचाव और इलाज की जानकारी दी गई।सिम्स और जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी व शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। गर्भवती महिलाओं में समय पर जांच और नवजातों को हेपेटाइटिस बी से बचाने के लिए टीकाकरण पर विशेष ज़ोर दिया गया। इस मौके पर सीएमएचओ डॉ. शुभा गढ़ेवाल, स्वास्थ्य अधिकारी और चिकित्सा कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।




