
20 जुलाई को आयोजित होने वाली सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापम छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस बार सभी परीक्षा केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक जैमर लगाए जाएंगे ताकि किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल न हो सके।विज्ञान महाविद्यालय सरकंडा में परीक्षा के नए नियमों को लेकर केंद्राध्यक्षों का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र को अपर कलेक्टर एस.एस. दुबे और व्यापम नोडल अधिकारी अरुण कुमार खलखो ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों की तलाशी हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर और मैनुअल पैट डाउन फ्रिसकिंग के माध्यम से की जाएगी। हर केंद्र पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मी की तैनाती अनिवार्य होगी।नियमों के अनुसार, परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के दो घंटे पहले केंद्र में पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आने कहा गया है। साथ ही, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि पूरी तरह वर्जित रहेंगे।प्रशिक्षण में महाविद्यालय प्राचार्य प्रवीण पांडे और सहायक समन्वयक प्रो. के.पी. तिवारी ने भी केंद्राध्यक्षों को दिशा-निर्देशों के पालन की सख्त हिदायत दी। जिले में इस परीक्षा के लिए 17 केंद्रों का चयन किया गया है, जहां सिविल और विद्युत शाखा के सब इंजीनियर पदों के लिए परीक्षा होगी।




