
व्यापार विहार क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर भगवान श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होकर भक्ति में लीन नजर आए।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम और हनुमान जी के चरणों में प्रार्थना और आरती के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए निस्वार्थ सेवा, समर्पण और भक्ति के महत्व को याद किया।

आयोजन में भजन-कीर्तन के साथ आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।इस दौरान समाजसेवी परिवार और स्थानीय व्यापारियों के सहयोग से लंगर प्रसाद का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में विशेष रूप से छोटे भाई सुरेश उजाला के स्थान पर कार्यक्रम का संचालन किया गया।पूरे कार्यक्रम में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हनुमान जी की भक्ति और सेवा भाव ने व्यापार विहार क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया, जहां हर कोई प्रभु श्रीराम और हनुमान जी की कृपा का अनुभव करता नजर आया।




