Site icon Grand Gumber News

शक्ति उपासना के महापर्व चैत्र नवरात्रि के अवसर पर सरकंडा स्थित श्री पीतांबरा पीठ में प्रथम दिवस देवी की अर्चना की गई।

सरकंडा सुभाष चौक स्थित श्री पीतांबरा पीठ त्रिदेव मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष की चैत्र नवरात्रि पर देवी की पूजा अर्चना के साथ श्री रूद्र चंडी महायज्ञ, श्रीमद् देवी भागवत कथा और भगवान श्री गणेश, हनुमान जी एवं भैरव नाथ की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भी आयोजन किया गया है। 9 अप्रैल से 17 अप्रैल तक मंदिर में विभिन्न अनुष्ठान संपन्न होंगे, जिसमें देशभर के संत सम्मिलित होंगे। प्रथम दिन यहां कलश यात्रा निकाली गई। पंचांग पूजन, यज्ञ मंडप प्रवेश, श्री मनोकामना घृत अखंड ज्योति कलश प्रज्वलन, ध्वजारोहण, देव प्रतिष्ठा के पश्चात दुर्गा सप्तशती पाठ आरंभ किया गया। सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं सर पर कलश धारण किए हुए कलश यात्रा में शामिल हुई।

मां बगलामुखी की विशेष पूजा अर्चना के साथ यहां स्थापित श्री शारदेश्वर पारदेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक नमक चमक विधि से 10 अप्रैल को संपन्न होगा। 14 अप्रैल को अधिवास आदि अनुष्ठान होगा। 15 अप्रैल शुक्ल सप्तमी को भगवान गणेश, श्री भैरव एवं हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। 16 अप्रैल अष्टमी को अग्नि स्थापन और हवन की जाएगी। 17 अप्रैल को यहां रुद्राष्टाध्यायी हवन और यज्ञ की पुर्णाहुति अर्पित की जाएगी। साथ ही भंडारे का आयोजन होगा। मंदिर में 9 से 16 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से कथा व्यास से आचार्य श्री मुरारी लाल त्रिपाठी कटघोरा वाले श्रीमद् देवी भागवत कथा का पाठ करेंगे।

चैत्र नवरात्रि के अवसर पर श्री पीतांबरा पीठ बगलामुखी मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की जा रही है। मां के इस स्वरूप की पूजा अर्चना, युद्ध मुकद्दमें आदि में सफलता के लिए की जाती है, तो वहीं त्रिदेव मंदिर में स्थापित भगवान श्री राम और पारद शिवलिंग के दर्शन के लिए भी दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। अब इस मंदिर में भगवान श्री गणेश, हनुमान जी और भैरवनाथ के भी दर्शन श्रद्धालु कर पाएंगे।

Exit mobile version