Site icon Grand Gumber News

शनिचरी बाजार में भीषण आग: 22 दुकानें जलकर राख,60 लाख का नुकसान तंग गलियों ने राहत कार्य में डाली बाधा, दमकल ने 4 घंटे में पाया काबू

थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत शनिचरी बाजार में आधी रात अचानक भीषण आग लग गई। आग ने 22 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया,लाखों का नुकसान हुआ।तेल, कॉस्मेटिक और किराना दुकानों में रखा सारा सामान जल गया।शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। लेकिन सवाल अब भी बना है क्या ये हादसा था या किसी की साजिश। बिलासपुर के शनिचरी बाजार में बुधवार रात करीब ढाई बजे भीषण आग लग गई, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में करीब 22 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में तेल, कॉस्मेटिक, किराना, मनिहारी और कपड़ों की दुकानें आ गईं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।

तंग गलियों के कारण राहत कार्य में खासी मुश्किलें आईं। दमकल की 3-4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। SDRF की टीम ने मोर्चा संभालते हुए सुबह तक राहत और बचाव कार्य जारी रखा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की शुरुआत दुकान नंबर 5 और 6 से हुई, जहां से तेज लपटें उठती दिखीं। जल्द ही आग आसपास की दुकानों तक फैल गई। शुरुआत में दो दमकल वाहन भेजे गए, लेकिन आग तेजी से फैलती रही, जिससे अतिरिक्त दमकल बुलाने पड़े।

नगर सेना और दमकल कर्मियों ने मिलकर घनी बस्ती वाले इस बाजार में फायर ब्रिगेड की मदद से पानी की बौछारें मारकर आग को फैलने से रोका। इसके बाद एक-एक कर दुकानों में लगी आग पर काबू पाया गया। राहत कार्य रात भर जारी रहा।भीषण आग में कॉस्मेटिक, जनरल स्टोर्स, फैंसी और मनिहारी सामान की दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। व्यापारियों के अनुसार आग लगने से लगभग 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान का आधिकारिक आंकलन अभी बाकी है। प्रशासन ने व्यापारियों से दुकानों की लिस्ट और नुकसान का विवरण मांगा है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है। फिलहाल बाजार में मातम पसरा हुआ है और व्यापारी नुकसान की भरपाई की मांग कर रहे हैं।

Exit mobile version