
बिलासपुर पुराना बस स्टैंड के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराबी युवकों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया,जिससे इलाके में सनसनी फैल गई और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात से नाराज होकर नशे में धुत युवकों ने युवक के साथ सरेआम जमकर मारपीट की।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि शराबी युवक किस तरह एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया। बताया जा रहा है कि यह घटना पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास की है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की पहचान शुरू की। तारबाहर थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा




