Site icon Grand Gumber News

शहीदों के बलिदान को नमन राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस पर दी श्रद्धांजलि राज्यपाल बोले शहीदों का त्याग रहेगा प्रेरणा स्रोत, मुख्यमंत्री ने कहा नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए सरकार प्रतिबद्ध

पुलिस स्मृति दिवस पर चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, माना रायपुर में आयोजित परेड में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। दोनों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि पुलिस जवानों का अनुशासन, निष्ठा और साहस समाज में शांति और विश्वास का आधार है। उन्होंने नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस की वीरता की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ पूरी तरह नक्सल समस्या से मुक्त होगा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के संकल्प के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के सुदूर इलाकों में नियद नेल्ला नार,पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं से विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारे वीर जवान बस्तर में नक्सलवाद के साथ-साथ विकास की लड़ाई भी लड़ रहे हैं। उन्होंने शहीद परिवारों के सहयोग और स्मारिका के माध्यम से उनके बलिदान को चिरस्थायी बनाने की बात कही।कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, डीजीपी अरुण देव गौतम, आईजी अमरेश मिश्रा सहित पुलिस जवान और शहीदों के परिजन मौजूद रहे।

Exit mobile version