Site icon Grand Gumber News

शहीद वीरेंद्र कुमार कैवर्त के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह

बिलासपुर। भारतीय सेना के वीर जवान और जिले के गौरव शहीद वीरेंद्र कुमार कैवर्त के 20वें शहादत दिवस पर सोमवार को उनके गृह ग्राम नरगोडा में श्रद्धांजलि व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजजन और ग्रामीण उपस्थित होकर शहीद को नमन करने पहुंचे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहीद की यादों को संजोना और युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना रहा। समारोह का आयोजन पूर्व सैनिक कल्याण संगठन बिलासपुर, छत्तीसगढ़ निषाद (केवट) समाज और ग्राम पंचायत नरगोडा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मौके पर शहीद के परिवारजनों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक मस्तुरी दिलीप लहरीया, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, विधायक बेलतरा, विधायक गुंडरदेही कुंवर सिंह निषाद, मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत लाल मटियारा और जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

सभी ने अपने उद्बोधन में शहीद वीरेंद्र कुमार कैवर्त के साहस और बलिदान को याद किया और समाज से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाज के पदाधिकारी और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। सभी ने शहीद की वीरगाथा को सुनकर भावुकता व्यक्त की और उनके पराक्रम पर गर्व जताया। ग्रामीणों का कहना था कि शहीद का बलिदान हमेशा नई पीढ़ी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देगा।“शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशा होगा” की भावना को समर्पित यह आयोजन पूरी तरह देशभक्ति के रंग में डूबा रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जयकारों के साथ हुआ।

Exit mobile version