Site icon Grand Gumber News

श्री पीताम्बरा पीठ त्रिदेव मंदिर में बगलामुखी जयंती महोत्सव की भव्य तैयारी

बिलासपुर, सरकंडा श्री पीताम्बरा पीठ त्रिदेव मंदिर, सुभाष चौक सरकंडा में आगामी 5 मई को माँ बगलामुखी प्राकट्य जयंती महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में दिनभर विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विशेष पूजन, श्रृंगार, अभिषेक और छप्पन भोग शामिल होंगे। मंदिर के पट प्रातः 8:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक दर्शनार्थियों के लिए खुले रहेंगे और सायंकाल 6:00 बजे आरती सम्पन्न होगी। पीठाधीश्वर आचार्य डॉ. दिनेश महाराज ने बताया कि इस पर्व पर देवी बगलामुखी, महाकाली, महालक्ष्मी, महासरस्वती तथा भगवान शारदेश्वर पारदेश्वर महादेव का विधिवत पूजन किया जाएगा। भक्तों को इस विशेष आयोजन में भाग लेकर दिव्य ऊर्जा और आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने बताया कि देवी बगलामुखी का प्राकट्य सतयुग में हरिद्रा सरोवर के तट पर भगवान विष्णु की तपस्या से हुआ था, जब त्रिलोक में भयावह आपदाएं फैली थीं। देवी ने असुर मदन का वध कर देवताओं की रक्षा की थी। डॉ. दिनेश महाराज ने बताया कि माता बगलामुखी दस महाविद्याओं में आठवीं महाविद्या हैं और उन्हें माता पीताम्बरा भी कहा जाता है। उनकी उपासना से वाद-विवाद, मुकदमे, रोग, बंधन और जीवन की अन्य समस्याओं से मुक्ति मिलती है। माता के सच्चे भक्त जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करते हैं।

Exit mobile version