
राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर भारत माता आंग्ल माध्यम शाला में वार्षिक विज्ञान और वाणिज्य प्रदर्शनी HOPE का आयोजन किया गया। शाला के प्राचार्य फादर सलीन पी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सृजनशीलता, अनुसंधान और नवाचार की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. तारणिश गौतम रजिस्ट्रार अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे, डॉ. विवेक अंबलकर डीपी विप्र महाविद्यालय, डॉ. मनोज सिंह, डॉ. अजय हरित कलिंगा यूनिवर्सिटी, तथा फादर देवासिया मणिमला उपस्थित रहे। समारोह में शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने पर सभी अतिथियों का सम्मान किया गया।

समृद्धि और विकसित भारत के लिए नवाचार विषय पर आधारित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने 80 से अधिक विज्ञान एवं वाणिज्य के मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित समाधानों से लेकर दैनिक जीवन की समस्याओं के तकनीकी समाधान तक कई बेहतरीन प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए, जिनकी सभी अतिथियों ने सराहना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की विशेष भूमिका रही। प्रदर्शनी ने छात्रों को सीखने, प्रयोग करने और अपनी कल्पनाशक्ति को वास्तविक प्रोजेक्ट्स में बदलने का एक सशक्त मंच प्रदान किया।




