
बिलासपुर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। यातायात पुलिस के अनुसार बीते एक वर्ष की तुलना में सड़क हादसों में होने वाली मौतों के आंकड़ों में करीब 17 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इस उपलब्धि के चलते बिलासपुर छत्तीसगढ़ के उन जिलों में शामिल हो गया है, जहां सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला है। यातायात पुलिस का कहना है कि दुर्घटनाओं में आई यह कमी किसी एक अभियान का परिणाम नहीं है बल्कि लगातार चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों और सख्त निगरानी का नतीजा है। सड़क सुरक्षा माह के दौरान विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। जिनमें आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की समझाइश दी जा रही है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है जिससे लोगों में नियमों को लेकर जिम्मेदारी बढ़ी है।इसके अलावा बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों के लिए विशेष शिविर आयोजित कर सरकारी दरों पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। यातायात पुलिस का मानना है कि वैध लाइसेंस और सही प्रशिक्षण से दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है।




