
कांग्रेस की ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ यात्रा के दूसरे दिन पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट रतनपुर पहुंचे। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया और जगह-जगह भारी भीड़ उमड़ी।कांग्रेसजनों ने नारेबाजी कर माहौल को और भी ऊर्जावान बना दिया। सचिन पायलट ने अल्प समय के लिए रुककर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उनका जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है और चुनाव आयोग की मिलीभगत से मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं।अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि धर्म और जाति के नाम पर लोगों को भड़काकर राजनीति की जा रही है। यह उनकी स्थायी नीति बन गई है, लेकिन जनता अब सच जान चुकी है और बदलाव चाहती है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्पित है और जनता को एकजुट होकर भाजपा की नीतियों का विरोध करना होगा। सचिन पायलट ने कहा कि वोट चोरी कर सत्ता में आई भाजपा को अब गद्दी छोड़नी होगी।इसी बीच रतनपुर से लौटते समय बड़ा हादसा टल गया। सचिन पायलट के काफिले के रास्ते में विशालकाय पेड़ गिर गया।

हालांकि प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से गाड़ियों का मार्ग डायवर्ट कर दिया गया और सभी सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।कार्यक्रम के अंत में सचिन पायलट ने कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि वे भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करें। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनेगी और लोकतंत्र को बचाने का यह आंदोलन सफल होगा।




