
नगर निगम की जिम्मेदारी है कि वह वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करे। इसके अंतर्गत सीसी रोड निर्माण, पाइपलाइन विस्तार, नाली निर्माण और स्ट्रीट लाइट जैसे कार्य प्रमुख रूप से शामिल होते हैं। हालांकि पिछले कुछ समय से इन क्षेत्रों में सड़क और अन्य निर्माण कार्यों की गति धीमी पड़ गई थी, लेकिन अब एक बार फिर विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में शनिवार को वार्ड क्रमांक 50 स्थित ओम नगर में सीसी रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत कराई और क्षेत्रवासियों को तेज विकास का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में अब भी विकास की अपार संभावनाएं हैं और उन्हें धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ओम नगर में शुरू हुआ यह सीसी रोड निर्माण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में अन्य इलाकों में भी सड़कों और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने नगर निगम और छत्तीसगढ़ शासन का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि इसी तरह अन्य वार्डों की समस्याओं का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा।




