
सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा जागरूकता और नियम पालन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 13 जनवरी को सत्यम चौक स्थित यातायात थाना परिसर में लर्निंग लाइसेंस व वाहन बीमा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने लाभ उठाया। वहीं एनसीसी व एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात जागरूकता गतिविधियों में सहभागिता की।

इसी क्रम में 14 जनवरी को यातायात पुलिस मुख्यालय में शहर के ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं की बैठक लेकर मोडिफाइड साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश दिए गए। साथ ही आईएसआई मार्क हेलमेट की बिक्री, अतिक्रमण हटाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने नागरिकों व व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए “यातायात उल्लंघन मुक्त शहर” बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास पर जोर दिया।




