
सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन के तत्वावधान में एक दिवसीय सद्गुरु कबीर संत समागम समारोह का आयोजन बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान, सरकण्डा में भव्य रूप से किया गया। इस आयोजन का संचालन के.डी.वी. मिशन, समस्त कबीर पंथ समाज एवं भारतीय मानिकपुरी पनिका समाज बिलासपुर के संयुक्त तत्वाधान में हुआ।यह समागम समाज के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि इस अवसर पर पंथ हुजूर उदितमुनि नाम साहब का प्रथम बिलासपुर आगमन हुआ, जिसे समाज के लोगों ने हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ ऐतिहासिक बना दिया।समारोह से पूर्व सरकण्डा स्थित बेमा नगई चौक से एक विशाल और अनुशासित शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पंथ हुजूर साहब स्वयं शामिल हुए।

शोभायात्रा में समाज की महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर सहभागिता निभाई, वहीं समाज के वरिष्ठजन और युवाओं ने व्यवस्थाओं को संभालते हुए शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। ढोल-नगाड़ों, भजनों और जयकारों के बीच शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए साइंस कॉलेज मैदान पहुँची।साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य समागम में पंथ हुजूर उदितमुनि नाम साहब ने समाजजनों को संबोधित करते हुए कबीर साहब के विचारों, सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कबीर पंथ का मूल उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर समानता और भाईचारे की स्थापना करना है।समारोह में बड़ी संख्या में कबीर पंथ समाज के अनुयायी, संत-महात्मा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का समापन शांतिपूर्ण, अनुशासित और आध्यात्मिक वातावरण में हुआ।




