
राजधानी रायपुर में महंगी गाड़ियों में नशे का रौब झाड़ते युवकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गोलबाजार थाना क्षेत्र में पंजाब पासिंग कार में सवार कुछ युवक सनरूफ से बाहर निकलकर नशे में सिगरेट पीते और सड़कों पर हंगामा कर रहे थे। राह चलते लोगों के रोकने पर उन्होंने उल्टा उनसे ही बदतमीजी शुरू कर दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, लेकिन वहां भी उन्होंने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने तत्काल इनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और वाहन को जब्त कर लिया। युवकों की करतूत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।एएसपी रायपुर शहर लखन पटले ने बताया कि शहर में इस तरह की लापरवाह और खतरनाक हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी ऐसे स्टंटबाजों व नशे में हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।




