Site icon Grand Gumber News

समर स्पेशल: रेल यात्रियों को कंफर्म बर्थ की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्पेशल ट्रेन और महत्वपूर्ण ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही।

मई और जून महीने में स्कूलों की छुट्टियों के साथ शादी विवाह का भी समय होता है। ऐसे में स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की भीड़-भाड़ होती है। इसके मद्देनजर रेलवे द्वारा रेल यात्रियों की सुविधा के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाता है। रेल यात्रियों को कनफर्म बर्थ की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्पेशल ट्रेन और महत्वपूर्ण ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

ग्रीष्मकाल के दौरान ट्रेनों में होने वाली अतिरिक्त भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने तथा छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र राज्य के प्रमुख शहरों के निवासियों जो ग्रीष्मावकाश के दौरान परिवार के साथ देश के अन्य शहरों में छुट्टियाँ बिताने और शादी ब्याह में सम्मिलित होने के लिए जाते है, उनकी सुविधा के लिए 58 स्पेशल ट्रेने चलाई जा रही है।ये ट्रेनें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र राज्य में अवस्थित प्रमुख शहरों से सम्बलपुर, पुरी, विशाखापट्टनम, सिकंदराबाद, हैदराबाद, पटना, हटिया, रक्सौल, छपरा, जबलपुर, मदुरै आदि शहरों को जोड़ रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के दुर्ग से छपरा एवं दुर्ग से पटना तक चलाई जा रही समर स्पेशल एक्सप्रेस का गोंदिया स्टेशन तक विस्तार किया गया है।

इन ट्रेनों के विस्तार से ना सिर्फ महाराष्ट्र राज्य के अंतर्गत प्रमुख शहर गोंदिया के निवासियों को उत्तर भारत के प्रमुख शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य के दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ के निवासियों को भी गोंदिया तक आवागमन के लिए अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर से यशवंतपुर तक 30 अप्रैल से 9 फेरों के लिए समर स्पेशल ट्रेन की सुविधा दी जा रही है। इस ट्रेन के शुरू होने से बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगाव, डोंगरगढ़ एवं गोंदिया के निवासियों को दक्षिण भारत की ओर यात्रा के लिए एक अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी।

रेल प्रशासन के द्वारा मई में ट्रेनों में होने वाली भीड़-भाड़ से राहत देने के लिए 48 स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की योजना बनाई गई है। हालांकि वर्तमान में लगभग 10 समर स्पेशल ट्रेनें चल रही है। इसके अलावा लम्बी सफर तय करने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की भी सुविधा दी जा रही है। हालांकि जरूरत पड़ने पर इस सुविधा में विस्तार कर छत्तीसगढ़ प्रदेशवासियों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Exit mobile version