
महिला संबंधी लंबित दो अलग-अलग साइबर प्रकरणों में सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां अश्लील मैसेज और सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने की कोशिश में लगे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी फेसबुक-इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर धमकी देता था, जबकि दूसरा आरोपी रास्ता रोककर केस वापसी का दबाव बना रहा था और सोशल मीडिया पर अश्लील टिप्पणी कर रहा था।पुलिस के अनुसार, पहला मामला 13 सितंबर 2024 का है, जिसमें पीड़िता ने शिकायत दी थी कि एक अज्ञात मोबाइल धारक फेसबुक-इंस्टाग्राम पर खुद को पारिवारिक सदस्य बताते हुए जबरन बातचीत का दबाव बना रहा था। आरोपी ने पीड़िता को अश्लील वीडियो और फोटो भेजकर वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने इस पर अपराध क्रमांक 1150/2024 के तहत मामला दर्ज किया था।

दूसरा मामला 6 फरवरी 2025 का है, जिसमें अजीत कुमार नामक आरोपी ने पहले से दर्ज रेप केस के मुख्य आरोपी प्रमोद नवरत्न का साथ देते हुए पीड़िता को केस वापस लेने की धमकी दी और फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट कर बदनाम किया। इस पर अपराध क्रमांक 360/2025 दर्ज किया गया था।दोनों ही मामलों में आरोपी फरार चल रहे थे। साइबर सेल की तकनीकी जांच और टावर लोकेशन के आधार पर अम्बिकापुर निवासी निखिल दुबे और घूरू अमेरी निवासी अजीत घृतलहरे को सरकंडा पुलिस ने अलग-अलग टीम भेजकर गिरफ्तार किया। इनकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, और नगर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल ने सरकंडा पुलिस टीम को सराहना दी है।आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही ने यह साफ किया है कि बिलासपुर पुलिस महिला अपराधों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और सजग है।




