
सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में ज्वेलरी कारोबारी से हुई सनसनीखेज लूट में पुलिस को अहम सफलता मिली है। बदमाशों द्वारा छीनी गई कार को उरतुम के पास से बरामद कर लिया गया है, लेकिन आरोपी कार में रखा करीब ढाई किलो सोना और साढ़े तीन लाख रुपये नगद से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना मंगलवार देर रात टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर हुई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।जानकारी के मुताबिक महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर अपनी कार से घर लौट रहे थे। तभी घात लगाए नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोककर बंदूक की नोक पर मारपीट की और हथियार से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के दौरान फायरिंग की भी सूचना है, जिसके बाद आरोपी कार सहित जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस ने शहरभर में नाकेबंदी कर दी। घटनास्थल से बदमाशों द्वारा छोड़ी गई एक पैशन प्रो बाइक, एक अन्य कार, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद हुए। बाद में लूटी गई कार उरतुम के पास मिल गई, जबकि आरोपी बैग लेकर भाग निकले। घायल कारोबारी का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच की निगरानी खुद वरिष्ठ अधिकारी रामगोपाल गर्ग कर रहे हैं। जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल कार जांजगीर से और बाइक मैनपाट से चोरी की गई थी। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




